संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कोतवाली क्षेत्र के गांव थेगपुर निवासी होमगार्ड के 25 वर्षीय पुत्र ने मानसिक तनाव के चलते घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने मृतक के ससुराल वालों के खिलाफ मानसिक रूप से परेशान कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शशांक की शादी कुछ माह पूर्व हुई थी। शादी के बाद से ही सुसराल वाले इसे परेशान करने लगे। इससे यह बुरी तरह मानसिक तनाव में आ गया। शशांक ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। बुधवार की सुबह अपने कमरे में चला गया और फांसी के फंदे पर झूल गया। जिससे उसकी मौत हो गई। कोतवाल के अनुसार मृतक के परिजनों ने उसके ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।