हाथरस : हाथरस में रविवार की रात को होता होलिका दहन।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रविवार को पूरे दिन शहर में होली की धूम रही। रात्रि लगभग आठ बजे किला गेट स्थित बड़ी होली का दहन हुआ। नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने पूजा-अर्चना की। इस मौके पर बड़ी होली के प्रबंधक सुरेशचंद्र आंधीवाल और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अतुल आंधीवाल व अन्य लोग मौजूद रहे।
इसके बाद शहर में बाकी जगहों पर होलिका में अग्नि को प्रवेश कराया गया। होलिका की अग्नि में लोगों ने जौ की बालियां भूनीं। नजदीकी होलिका से आग ले जाकर घरों के आंगन में रखी होलिका का दहन किया गया और होली के गीत गाए गए।
इसके बाद शहर में होली की शुभकामनाएं देने का दौर शुरू हुआ। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। शाम को पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण किया और शांति व्यवस्था देखी। इस बीच कई स्थानों पर जमकर आतिशबाजी हुई। इससे पहले महिलाओं ने सुबह से दोपहर तक होलिका का पूजन किया।