न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव बिसाना के निकट शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार तीन छात्राओं को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। चंदपा और सादाबाद पुलिस पहुंच गई। आनन-फानन छात्राओं को उपचार के लिए सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने दो छात्राओं को मृत घोषित कर दिया और एक छात्रा को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया। हादसे के संबंध में एक मृतक छात्रा के चाचा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सादाबाद की गली पंडितान निवासी अरुणेश कुमार वार्ष्णेय पुत्र निरंजनलाल वार्ष्णेय ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 13 मार्च की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनकी भतीजी मणी वार्ष्णेय पुत्री प्रभात रंजन वार्ष्णेय एक्टिवा स्कूटी संख्या यूपी 86-जे 1944 पर सवार होकर हाथरस से सादाबाद आ रही थीं। यह तीनों हाथरस से अपनी सहेली मीनू पुत्री ललिता गोस्वामी निवासी गली पंडितान सादाबाद के जन्म दिन की पार्टी करके लौट रही थीं।
स्कूटी पर मणी के साथ मीनू और इन दोनों की सहेली सौम्या पुत्री मूलचंद्र निवासी आनंद नगर भी पीछे बैठी थीं। स्कूटी को उनकी भतीजी मणी चला रही थी। जैसे ही स्कूटी गांव बिसाना पर पहुंची तो आगरा की ओर से आ रही हाथरस डिपो की रोडवेज बस संख्या नंबर यूपी 81-एएफ 1754 के चालक ने बस को तेजी और लापरवाही से चलाकर स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी पर बैठीं तीनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद चालक रोडवेज बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल छात्राओं को गांव वालों की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मणी और मीनू को मृत घोषित कर दिया और सौम्या को गंभीर हालत में उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। घटना से मृतक छात्राओं के परिजनों में कोहराम मचा रहा। करुण-क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने मृतक छात्राओं के शव को एबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए हाथरस के बागला जिला अस्पताल भिजवाया।
मृतका मीनू का फाइल फोटो।- फोटो : SADABAD
मृतका मणी का फाइल फोटो।- फोटो : SADABAD