न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आम वाहन स्वामियों के लिए भले ही अपने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जल्दी से जल्दी लगवाने के आदेश हैं, लेकिन हाथरस डिपो की रोडवेज बसों पर मार्च 2022 तक नंबर प्लेट लग पाएंगी, क्योंकि इन बसों की अन्य जिलों में फिटनेस जाच होगी। हालांकि कुछ बसों पर यह नंबर प्लेट लग चुकी हैं। सीरियल नंबर के हिसाब से ही हाई सिक्योरिटी प्लेट लगवाने के लिए बसों की बारी आएगी।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में वर्तमान में 83 बसें हैं। इसमें से करीब एक दर्जन बसें निर्धारित किलोमीटर पूरे कर चुकी हैं। इस कारण इन बसों को लोकल रूटों पर ही संचालित किया जा रहा है। बाकी बसों को लंबे रूटों पर चलाया जाता है।
खास बात यह है कि इन बसों के पंजीकरण कानपुर, आगरा और अलीगढ़ आदि जिलों में हुए हैं। जैसे-जैसे जैसे बसों की फिटनेस जांच की तिथि नजदीक आएगी, वैसे ही उन बसों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगेगी। डिपो अधिकारियों का कहना है कि मार्च 2022 तक सभी बसें हाईटेक होंगी। फोरमैन हरी सिंह का कहना है कि सभी बसों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट मार्च के अंत तक लग पाएंगी।