हाथरस : रेलवे नाला खोदाई के कारण खेतों में भरा पानी।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
रेलवे की लापरवाही कई किसानों के मुश्किल का सबब बन गई है। रेलवे द्वारा खोदी गई नाली के नजदीक बह रहे रजबहे का पानी खेतों की तरफ मुड़ गया है, जिससे सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूबकर खराब हो गई है। पीड़ित किसानो ने अब रेलवे से मुआवजे की मांग की है।
बता दें नहर खेरिया से पहले नगर के लोगों के खेत हैं। इनमें तरबूज, खरबूज और गेहूं की फसल हो रही है। 13 अप्रैल की सुबह किसी तरह रजबहे का पानी रेलवे द्वारा खोदी गई नाली में होकर खेतों की तरफ बढ़ गया। जब तक कोई कुछ कर पाता, इससे पहले ही सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूब गई और पूरी तरह बर्बाद हो गई।
इसकी सूचना तत्काल एसडीएम से लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी गई। इसके बावजूद तहसील विभाग का कोई कर्मी नुकसान का जायजा लेने नहीं पहुंचा। किसानों का कहना है कि एक अनुमान के अनुसार फसल बर्बाद होने से उन्हें लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।