हाथरस : बिटिया प्रकरण की तारीख के चलते जनपद न्यायालय के गेट पर तैनात पुलिस। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में बृहस्पतिवार को सुनवाई नहीं हुई। हालांकि जिला न्यायालय के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर 2020 को चंदपा क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसे जान से मारने की कोशिश की थी। दिल्ली में उपचार के दौरान कुछ दिन बाद इस युवती ने दम तोड़ दिया था। इस कांड के चारों आरोपी संदीप, रवि, लवकुश व रामू अलीगढ़ जेल में निरुद्ध हैं।
सीबीआई ने इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। मामले की सुनवाई विशेष न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट) में चल रही है। बृहस्पतिवार को इस मामले में सुनवाई होनी थी, लेकिन इसकी सुनवाई की तिथि आगे बढ़ा दी गई। अब 19 फरवरी की तिथि सुनवाई के लिए नियत की गई है। वादी पक्ष के अधिवक्ता महीपाल सिंह निमहोत्रा ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते बृहस्पतिवार को इस मामले में सुनवाई नहीं हुई है। अब 19 फरवरी की तिथि नियत की गई है। संवाद