न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के बैनर तले बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रही। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चला। इसमें जिलेभर के एनएचएम कर्मचारी शामिल हुए। पूरे जिले की इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहीं। धरने का सबसे ज्यादा असर टीकाकरण पर पड़ा।
एनएचएम कर्मचारियों को धरना समाप्त करने के लिए एवं कर्मचारियों को समझाने के लिए एक जिला स्तरीय पैनल बनाया गया था, जिसमें एसडीएम, सीएमओ, एसीएमओ शामिल हैं। इस पैनल ने जिलाध्यक्ष डॉ. सतीश कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. संदीप त्यागी, जिला महासचिव डॉ. पवन कुमार और सभी एनएचएम कर्मियों से लगभग एक घंटे बात की, लेकिन इसका कोई परिणाम नहीं निकला।
एनएचएम के सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि जब तक प्रदेश स्तर पर वार्तालाप नहीं होगा और उनकी जायज मांगों को नहीं माना जाएगा, तब तक हड़ताल ऐसे ही जारी रहेगी। इस मौके पर सभी सीएचसी, पीएचसी, जिला बागला अस्पताल, सीएमओ कार्यालय डीपीएम यूनिट एवं सभी एनएचएम कर्मचारी जिसमें एएनएम, आशा, सीएचओ, आयुष डॉक्टर, डेटा ऑपरेटर, आरबीएस के डॉक्टर एवं स्टाफ जीएनएम स्टाफ, एसएनसीयू फिजियोथैरेपी आदि सभी शामिल थे। संवाद