न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में बकायेदारों के पंजीकरण कराने और बकाया जुटाने में यह जिला पूरे अलीगढ़ जोन में अव्वल रहा है। अप्रैल के अंत में शुरू हुई इस योजना का अब तक 22027 लोगों ने लाभ लिया है। विभाग ने लक्ष्य के सापेक्ष कुल 11 फीसदी राजस्व भी हासिल कर लिया है। अब ओटीएस की अवधि बीतने में दो दिन बाकी हैं, इसलिए अधिकारी उपभोक्ताओं को ओटीएस के तहत बकाया जमा कर सरचार्ज में छूट का लाभ लेने के लिए सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से प्रेरित कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बिजली विभाग का जिले में दो लाख 29 हजार 288 उपभोक्ताओं पर करोड़ों रुपये का बकाया है। काफी कोशिशों के बावजूद विभाग को लक्ष्य के सापेक्ष बकाया हाथ नहीं लगा है। अब शासन स्तर से बकायेदारों को सरचार्ज में छूट का लाभ देने के लिए ओटीएस की शुरुआत की गई है। जिलेभर में 22027 उपभोक्ताओं ने ओटीएस में बकाया जमा किया है। योजना को भुनाने के मामले में पूरे अलीगढ़ जोन में हाथरस जिला अव्वल रहा है। अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह का कहना कि जोन में ओटीएस पंजीकरण में हाथरस पहले नंबर पर है। अब अन्य बकायेदार भी इस योजना के तहत बिल जमा कर ब्याज माफी का लाभ लें। संवाद