हाथरस : सीमा का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कस्बा हाथरस जंक्शन में एक महिला की उसके पति ने हत्या कर दी। घटना की सूचना के बाद इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को शव सौंप दिया। तहरीर के आधार पर पति सहित दो के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव वाहनपुर निवासी गजराज सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सीमा (33) की शादी कस्बा हाथरस जंक्शन की राजपाल कॉलोनी निवासी सुदेश सेंगर के साथ की थी। उनकी बेटी के 11 साल का एक बेटा भी है। पिता का आरोप है कि सुदेश का किसी महिला से अवैध संबंध हैं। उनकी बेटी इस बात का विरोध करती थी। इसी के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई है। सुबह पांच बजे मायके लोगों को इसकी जानकारी पड़ोस के लोगों ने दी तो वह मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलने पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना कर कुछ सैंपल लिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोपहर बाद पोस्टमार्टम होने पर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली हाथरस जंक्शन प्रभारी एचएचओ रीतेश कुमार ने बताया कि इस मामले में तहरीर के आधार पर पति सहित दो के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। संवाद