न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले प्रत्येक मरीज पर शासन की नजर है। सभी मरीजों का डाटा प्रतिदिन मोबाइल नंबर सहित शासन को भेजा जा रहा है। वहीं सरकारी एंबुलेंस की सुविधा लेने वालों का भी हर दिन का रिकार्ड तैयार किया जा रहा है।
शासन ने सभी सरकारी अस्पतालों से मरीजों की संख्या, रोगी को मिलने वाला उपचार, मरीज का नाम, पता, फोन नंबर आदि बिंदुओं पर रोजाना का डाटा मांगा है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि हर दिन का डाटा तैयार कर भेजा जा रहा है। अस्पताल में पदों के सापेक्ष डॉक्टरों की कमी के बारे में भी शासन को अवगत करा दिया गया है। संवाद