हाथरस : तहसील प्रांगण में मेला श्रीदाऊजी महाराज को लेकर बैठक लेते एसडीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से खाका खींचना शुरू कर दिया गया है। इसे लेकर शनिवार की शाम मेला कमेटी के सदस्यों के साथ उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर विपिन शिवहरे ने बैठक की। बैठक के दौरान सदस्यों ने सुझाव देते हुए कहा कि मेला श्रीदाऊजी महाराज में इस बार बृज संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
कोरोना महामारी के चलते पिछले दो वर्षों से मेला श्रीदाऊजी महाराज का आयोजन नहीं हो पा रहा था। महज औपचारिकता के बीच ही मेला सिमटा रहा था। कोरोना महामारी के बाद अब प्रशासन की ओर से मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन की तैयारियों को लेकर खाका खींचना शुरू कर दिया गया है। इस क्रम में प्रशासन की ओर से तहसील सदर में एसडीएम सदर की अध्यक्षता में मेला सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मेला कमेटी के सदस्यों से सुझाव भी लिए गए।
सदस्यों ने मेला में महिलाओं की सुरक्षा, उच्च क्वालिटी के खाने की वस्तुओं के लिए फूड टीम की तैनाती, कार्यक्रमों में ब्रज संस्कृति की छवि दिए जाने आदि को लेकर अपने-अपने विचार रखे। एसडीएम सदर ने बताया कि सभी सदस्यों के सुझावों पर विचार किया जाएगा। साथ ही आम लोगों के सुझाव भी लिए जाएंगे। मेले को भव्यता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। संवाद