न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले शुक्रवार को कस्बा के बस स्टैंड पर सांसद राजवीर दिलेर ने आम जनता को मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए। लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक किया।
इस मौके पर बस स्टैंड के पास से बिना मास्क के आने-जाने वाले हर व्यक्ति को रोककर मास्क और सैनिटाइजर वितरित किया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी जैसे कोविड नियमों का पालन करें। घर के अंदर रहें, सुरक्षित रहें। बिना मास्क लगाए घर से बाहर न निकलें। अति जरूरी काम से ही बाहर जाएं।
उन्होंने लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की और कहा कि टीकाकरण अवश्य कराएं। भारत में बनी वैक्सीन कोरोना संक्रमित के लिए सबसे ज्यादा लाभकारी है। टीकाकरण को लेकर लोगों की भ्रांतियां दूर करें। अपने आस-पड़ोस और ग्रामीण अंचल के लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष ध्रुव शर्मा, राजकुमार शर्मा, कोमल सिंह तोमर, संदीप सिंह, प्रवीण वर्मा, मुकेश चौधरी, अंकित गौड़, शिवम, मुनीश शर्मा, नवीन शर्मा आदि मौजूद थे।