न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन स्तर से ई डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के जरिये कोरोना से बचाव को टीकाकरण कराने के लिए पंजीकरण के लिए सख्ती बरती जा रही है। इस क्रम में शासन ने यहां स्थानीय प्रशासन को ई डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के जरिये ज्यादा से ज्यादा संख्या में कोविड वैक्सीन के लिए पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। यहां जिले में दो संस्थाओं ई डिस्ट्रिक्ट पोर्टल संचालित हैं।
जिले में सीएमएस व सीएससी के माध्यम से ई डिस्ट्रिक्ट पोर्टलों का संचालन किया जा रहा है। शासन स्तर से सभी जिलों को नामित संस्थाओं के जरिये संचालित ई डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर कोविड टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराने के निर्देश जारी किए हैं। इस क्रम में डीएम रमेश रंजन ने दोनों नामित संस्थाओं के प्रबंधकों को ई डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
पोर्टल पर पंजीकरण के लिए ईडीएम मनोज उपाध्याय द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में कोविड टीकाकरण के लोगों को जागरूक किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। 18 जून को डीएम दोनों नामित संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ कोविड वैक्सीनेशन के पंजीकरण को लेकर समीक्षा करेंगे।