न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर जिला अस्पताल की सामान्य ओपीडी पर ब्रेक लग गया है। जिला अस्पताल प्रशासन ने शासन के अग्रिम आदेश तक ओपीडी बंद कर दी है। अब अस्पताल में केवल फीवर डेस्क चालू रहेगी। इसके अलावा आवश्यक व इमरजेंसी सेवाएं ही जारी रहेंगी। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला 16 मई तक स्थगित रहेगा।
प्रदेश के साथ साथ जिले में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसे लेकर शासन काफी गंभीर हो गया है। शनिवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक के कर्फ्यू के आदेश के बाद अब जिला अस्पताल में हर दिन चलने वाली सामान्य ओपीडी को भी शासन के निर्देश पर बंद कर दिया गया है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आईवी सिंह ने बताया कि कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर शासन के निर्देश पर सामान्य ओपीडी को शासन के अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक व इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। फीवर डेस्क भी अपना काम करेगी।