न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उत्तर प्रदेश दिवस को सफल बनाने के उद्देश्य से सीडीओ आरबी भास्कर ने कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। सीडीओ आरबी भास्कर ने कहा कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस है। इसके तहत 24 से 26 जनवरी तक उत्तर प्रदेश दिवस कलेक्ट्रेट परिसर में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वृहद रूप से मनाया जाएगा जाएगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक उत्तर प्रदेश की संस्कृति, आर्थिक विकास और शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश, महिला, युवा, किसान, सबका साथ-सबका विकास और सबका सम्मान की थीम पर आधारित होगा।
कार्यक्रम में जिला स्तर के प्रतिभावान कलाकारों, शिल्पकारों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान, मजदूर, महिलाओं, युवाओं तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि एचएन सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी शिवकुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रतिभा पाल, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार मिश्र आदि मौजूद थे।