न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में 22 जनवरी से 31 जनवरी तक प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा । डीएसओ एसपी शाक्य ने बताया कि दूसरे चक्र में ई-पॉस के माध्यम से आधार पर निशुल्क वितरण कराया जाएगा।
अंत्योदय योजना के राशन कार्ड धारकों को प्रति राशन कार्ड 35 किग्रा खाद्यान्न ( 20 किग्रा गेहूं तथा 15 किग्रा चावल) तथा पात्र गृहस्थी योजना के समस्त राशन कार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच किग्रा खाद्यान्न (3 किग्रा गेहूं तथा 2 किग्रा चावल) निशुल्क वितरित किया जाएगा। राशन कार्ड धारकों को पोर्टेबिलिटी के अंतर्गत खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उचित दर विक्रेता के स्टॉक में वस्तुओं की उपलब्धता की सीमा तक अनुमन्य रहेगी।
उन्होंने बताया कि वितरण की अंतिम तिथि 31 जनवरी पर आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त न कर सकने वाले कार्ड धारकों के लिए मोबाइल ओटीपी वेरीफिकेशन के माध्यम से वितरण कराया जाएगा। वहीं खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता को लेकर नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं। संवाद