हाथरस : चोरी करने के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में और बरामद सामान। संवाद
- फोटो : HATHRAS
कोतवाली सदर पुलिस ने चोरी की तीन घटनाओं को अंजाम देने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने चोरी किए हुए पिस्टल के कारतूस, आभूषण, नकदी व अवैध असलाह भी बरामद किए हैं। बदमाशों ने कोतवाली सदर क्षेत्र के तीन अलग-अलग जगहों पर वारदात को अंजाम दिया था।
27 दिसंबर 2021 को सुदीप कॉलोनी निवासी सौरभ खंडेलवाल ने तहरीर दी थी। तहरीर के माध्यम से बताया कि चोरों ने उनके घर से नकदी, आभूषण आदि सामान चोरी कर लिए हैं। चोरी की दूसरी घटना तीन जनवरी 2022 को गणेश सिटी कॉलोनी फेस-1 कलवारी रोड निवासी रामबाबू गुप्ता के बंद मकान में हुई। यहां से चोर आभूषण, नकदी व रिवाल्वर के कारतूस आदि चोरी कर ले गए। कोतवाली सदर इलाके में ही चोरी की तीसरी घटना 12 जनवरी 2022 को हुई।
बदमाश सीमा उपाध्याय नगर में पूनम के घर से आभूषण आदि सामान चोरी कर ले गए है। इन तीनों चोरी की घटनाओं में तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। अब कोतवाली सदर पुलिस ने आगरा रोड पुरानी पुलिस लाइन के पास से कोतवाली थाना क्षेत्र के अइयापुर निवासी टिंकू, सलीम उर्फ रवि, जुगेंद्र और राजा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में चारों ने बताया कि वे लोग मिलकर दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे। फिर रात में चोरी की घटना को अंजाम देते थे। जो भी सामान आदि मिलता था उसको बराबर-बराबर बांट लेते थे। संवाद
यह माल हुआ है बरामद
19 कारतूस 32 बोर, चार चूड़ी पीली धातु, एक लांग मय फूल पीली धातु, आठ चांदी के सिक्के, तीन जोड़ी पायल व पांच जोड़ी बिछिया सफेद धातु, एक सिलाई मशीन, एक पैडल (टूटा हुआ), पांच बूंदा पीली धातु, 15500 रुपये नगद, एक तमंचा व एक कारतूस 315 बोर, तीन छुरा।