न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन के निर्देश मिलने के बाद जिला प्रशासन ने जिले के चार इलाकों को कोरोना संक्रमण की दृष्टि से हॉट स्पॉट घोषित किया है। इन चारों स्थानों पर 12 हजार लोगों की स्क्रीनिंग होगी। यह काम शुरू भी करा दिया गया है। इन इलाकों को सील कर दिया गया है। इन एरिया में लोगों की हर सुविधा मुहैया कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
जिले में चार कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद इस जिले को भी शासन की ओर से संवेदनशील मान लिया गया है। शासन के निर्देशों पर जिला प्रशासन ने जिले के चार स्थलों को हॉट स्पाट एरिया के रूप में चिन्हित कर लिया गया है। यह इलाके सासनी में बिजलीघर मदीना मस्जिद सासनी के आसपास का क्षेत्र, जामा मस्जिद सासनी के आसपास का क्षेत्र, गांव उसवा स्थित मस्जिद के आसपास का क्षेत्र व शहर का मोहल्ला लाला का नगला बड़ी मस्जिद के आसपास का क्षेत्र है। इन इलाकों में कोरोना पॉजिटिव पाए गए जमाती ठहरे थे या घूमने के लिए गए थे और लोगों के संपर्क में आए थे।
इन कोरोना पॉजिटिव जमातियों के यात्रा इतिहास निकालने के बाद एरिया को फाइनल किया गया है और इन हॉट स्पॉट एरिया को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। इन एरिया की आबादी 12 हजार के करीब आंकी गई है। इन एरिया में रहने वाले हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से इन एरिया में रहने वाले लोगों को खाद्य साम्रगी से लेकर अन्य सामान मुहैया कराने के लिए होम डिलीवरी शुरू करा दी गई है, ताकि लोगों को अपने घर में ही सभी सामान मिल सकें।
एक नजर में हॉट एरिया की स्थिति व तैयारियां
डोर स्टेप फल, सब्जी वितरण के लिए वाहनों की संख्या - 16
डोर स्टेप डिलीवरी मिल्क बूथ की संख्या - 8
डोर स्टेप डिलीवरी करने वाले प्रोवीजन स्टोर की संख्या- 15
प्रोवीजन स्टोर के माध्यम से होम डिलीवरी करने वालों की संख्या - 33
राशन की दुकान - 5
राशन कार्ड की संख्या जिन पर खाद्य का वितरण किया गया- 1537