न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कस्बा पुरदिलनगर में नकली लुब्रीकेंट बनाने का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने सामान के साथ चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो ट्रक माल भी बरामद हुए हैं। आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार कस्बा पुरदिलनगर के एक मोहल्ले में कुछ लोगों ने गोदाम के नाम पर एक मकान किराये पर लिया था। बुधवार की सुबह दो ट्रक में लुब्रीकेंट के खाली डिब्बे, प्लास्टिक के डिब्बे, ड्रम व अन्य उपकरणों से भरे दो ट्रक यहां आकर रुक गए। ट्रक से माल उतर ही रहा था कि किसी ने चौकी प्रभारी को इसकी खबर दे दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पूरा माल अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सारा समान नकली लुब्रीकेंट बना कर ब्रांडेड कंपनी का लेबल लगाकर बाजार में बेचा जाना था।
बता दें कि क्षेत्र में स्टैंडर्ड कंपनी पैंकिग में काफी समय से डुप्लीकेट बेचने की शिकायतें आ रही थी। कई बार नामचीन कंपनियों ने ऑटोमोबाइल्स की दुकानों पर छापा मार कर नकली माल पकड़ा है। कोतवाल प्रवेश राना ने बताया कि इसमें तो दो राय नहीं कि नकली माल बनना था। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस जांच कर रही है।