संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने बुधवार को सहपऊ विकास खंड के गांव रसगवां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य केंद्र पर शराब की खाली बोतलें और फटे हुए ताश के पत्ते मिले। गोबर के कूड़े के ढेर और चहुंओर अत्यधिक गंदगी थी।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को बताया कि 15 से 20 साल पूर्व यह स्वास्थ्य केंद्र बना था। उस समय इसकी लागत चार से पांच लाख रुपये थी। गांव के लोगों ने न तो यहां कोई डॉक्टर देखा और न ही कोई नर्स। कुछ लोगों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने भवन बनने के बाद यह कहा कि यह भवन मानक के अनुरूप नहीं है।
स्वास्थ्य केंद्र का ये जर्जर भवन सरकारी पैसे का दुरुपयोग नहीं तो और क्या है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य संबंधी कोई चीज नहीं थी। शराब की खाली बोतलें और फटे हुए ताश के पत्ते जरूर पड़े थे। निरीक्षण के दौरान गौरीशंकर बघेल, साकेत ठेनुआं, रामावतार, शिव कुमार बघेल, जितेंद्र, सुनील चौधरी, पूरन सिंह करूआ, प्रताप सिंह बघेल, वीरपाल सिंह, भगवान सिंह आदि थे।