हाथरस : गांव मढ़ाका में आग से झुलसा चार माह का मासूम। संवाद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
गांव मढ़ाका में पालने में झूल रहा एक चार महीने का मासूम बच्चा तसले में जल रही आग के ऊपर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे उपचार के लिए आनन-फानन सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले आए। वहां उसका उपचार किया गया। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसको एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया।
गांव मढ़ाका निवासी मुनेश का चार महीने का बेटा मोहित मंगलवार को घर पर ही पालने में लेटा हुआ था। अधिक ठंड होने की वजह से मोहित के बड़े भाई ने मोहित को ठंड से राहत देने के लिए पालने से कुछ दूरी पर रखा एक तसला, जिसमें आग सुलग रही थी, को पालने के पास खिसका दिया और चला गया। बताते हैं कि इस दौरान मासूम मोहित अचानक पालने से तसले में जा गिरा, जिससे वह आग से गंभीर रूप से झुलस गया।
शरीर के कई हिस्से आग से झुलस गए। मोहित के रोने की आवाज सुनकर मौके पर परिजन आ गए और मोहित को लेकर सीएचसी सादाबाद आ गए। वहां मोहित का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, मोहित करीब 40 फीसदी जल चुका था। लिहाजा उसे गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है। संवाद