न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मंडी समिति से बाहर या फिर मंडी में कारोबार करने वाले अब कर की चोरी नहीं कर सकेंगे। मंडी सचिव ने इसके लिए सचल दल का गठन कर दिया है।
कृषि कानूनों की वापसी के साथ मंडी समिति फिर पुराने ढर्रे पर चलने लगी है। मंडी से बाहर कारोबार करने वाले किराना, लकड़ी, दाल और आलू के कारोबारियों को अब माल भेजने व मंगाने पर कर देना होगा। बीते महीने मंडी प्रशासन ने बाहर के कारोबारियों से लाखों रुपये का कर वसूला है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिस हिसाब से कारोबारी काम कर रहे हैं, उस हिसाब से मंडी को पर्याप्त कर नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते अब मंडी प्रशासन कार्रवाई के मूड में नजर आ रहा है।
मंडी सचिव यशपाल सिंह ने इसके लिए सचल दल का गठन कर दिया है। सचल दल के लिए गाड़ी का इंतजाम किया जा रहा है। सचल दल द्वारा इस सप्ताह छापामारी की शुरुआत की जाएगी। कर चोरी करने वालों से 10 गुना जुर्माना भी वसूला जाएगा। संवाद