हाथरस : सर्दी से बचाव के लिए अलाव पर तापते लोग।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सड़कों पर रविवार की सुबह से शाम तक कोहरे की चादर तनी रही। पूरे दिन गलन ने लोगों का हाल-बेहाल कर दिया। बादलों की चहलकदमी के चलते धूप नहीं निकली। सर्दी से बचने के लिए लोग कई जतन करते हुए नजर आए। सर्दी बढ़ने से बुजुर्गों व मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चिकित्सकों के यहां मरीजों की लाइन लग रही है। शाम को फिर से गलन बढ़ गई। इस कारण लोग जल्दी घरों में कैद हो गए। सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। कोहरे के कारण बिजली की लाइनों में फाल्ट हुए। शहर से देहात तक काफी देर तक बिजली संकट का लोगों को सामना करना पड़ा।
शनिवार की रात को मौसम ने अचानक करवट बदली। शाम से घना कोहरा छाया रहा। रविवार को पूरे दिन कोहरे की चादर तनी रही। इस कारण वाहनों को लाइट जलाकर गंतव्य की दूरी तय करनी पड़ी। पूरे दिन सर्द हवाएं लोगों के शरीर में नश्तर की तरह चुभ रही थीं। गलन के मारे लोगों का बेहाल रहा। रविवार की छुट्टी होने के कारण लोग घरों में कैद रहे। लोग सिर्फ जरूरी काम से ही निकले। लोग पूरी तरह गर्म कपड़ों से ढके हुए नजर आए।
शाम को फिर से गलन बढ़ गई। सर्दी से बचने के लिए घरों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। शाम को कोहरे का प्रकोप बढ़ गया। इस कारण मुख्य बाजारों से लेकर राजमार्गों तक आवागमन प्रभावित हुआ। सर्दी में लोड बढ़ने के कारण बिजली के उपकरण भी जवाब देने लग गए हैं। शहर से देहात तक लाइनों में फाल्ट हुए। इस कारण लोगों को कई घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा।