संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद से होकर गुजरने वाली करबन नदी की सफाई का कार्य जारी है। रविवार को एसडीएम राजेश कुमार ने सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और स्वच्छता निरीक्षक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब नदी की सफाई का पूरा ध्यान रखा जाएगा। नदी फिर से प्रदूषित न हो इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके बावजूद अगर कोई नदी में कचरा डालता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि करबन नदी को साफ और स्वच्छ किए जाने के लिए लगातार जेसीबी से सफाई कार्य किया जा रहा है। जो कचरा नदी से निकाला जा रहा है, उसे सूखने के बाद हटा लिया जाएगा। जगह-जगह बोर्ड लगवाए जाएंगे और नदी की रेलिंग पर जाली लगवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि करबन नदी क्षेत्र की धरोहर है इसे साफ रखने में लोग भी अपना योगदान दें। उन्होंने स्वच्छता निरीक्षक वीरेंद्र चौहान को नदी में कूड़ा फेंकने वाले लोगों पर नजर रखने और उन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।