न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला गजुआ में मामूली विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इससे वहां पथराव हो गया। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इसी दौरान एक बुजुर्ग गिर कर अचेत हो गया। परिवार के लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने झगड़ा कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला गजुआ में एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग बीच-बचाव कराने के लिए पहुंचे तो उसका उनसे भी विवाद हो गया। इसी विवाद में दोनो पक्षों में मारपीट हो गई और पथराव भी शुरू हो गया। मौके पर भगदड़ मच गई। इस मारपीट में 65 वर्षीय नोहबत सिंह अचेत होकर गिर गए। जिनको उनके परिवारीजन अस्पताल लेकर गए, जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस मामले की सूचना के बाद क्षेत्राधिकारी नगर व प्रभारी निरीक्षक हाथरस गेट मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। वहीं पुलिस ने झगड़ा करने वाले तीन व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। इस मामले को लेकर मृतक के पुत्र वीपी सिंह ने थाने में तहरीर देते हुए गांव के चार पांच लोगों पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
एसएचओ मुनीशचंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, डॉक्टरों द्वारा मृतक का विसरा परीक्षण हेतु सुरक्षित रखा गया है। मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। डॉक्टरों द्वारा मृतक के फेफड़े में इंफेक्शन होना पाया गया है। उक्त के संबंध में परिजनों की प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।