जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार व अन्य बीमारी के मरीजों की लगी भीड़। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में बुखार का प्रकोप जारी है। बुखार से फिर तीन लोगों की मौत हो गई। चंदपा क्षेत्र के गांव कैमार में एक छात्रा की बुखार से मौत हो गई। वह कई दिन से बीमार थी। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें बुखार पीड़ितों का उपचार करने में लगी हैं। इधर, सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार पीड़ित मरीजों की भीड़ उमड़ रही है।
वायरल बुखार और डेंगू जिले में कहर बरपा रहा है। जिले में करीब 45 मरीजों पर डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। वहीं दर्जन भर लोगों को बुखार लील चुका है। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव कैमार निवासी बंटी की 17 वर्षीय बेटी दीक्षा कई दिन से बुखार से पीड़ित थी।
मंगलवार की दोपहर जब उसकी ज्यादा तबियत बिगड़ गई तो परिजन उसे इलाज के लिए लेकर आगरा रवाना हुए। सादाबाद पहुंचते ही उसकी हालत और बिगड़ गई। परिजन उसे सादाबाद के स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। वहां उसकी मौत हो गई। परिजन उसके शव को गांव लेकर आए। वहां कोहराम मच गया।