जिला अस्पताल में जांच कराने के लिए लगी मरीजों के परिजनों की भीड़।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बृहस्पतिवार को एक मासूम बच्चे सहित चार लोगों की बुखार से मौत हो गई। शहर के नाई का नगला में दो वर्षीय एक बच्चे व मोहल्ला रमनपुर में 14 वर्षीय एक किशोरी की बुखार से मौत हो गई।
वहीं सासनी के गांव गदाखेड़ा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व हसायन के मोहल्ला दखल में 65 वर्षीय एक वृद्धा की भी बुखार से मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी कई इलाकों में गई और वहां एंटी लार्वा का छिड़काव किया। कुछ स्थानों पर मरीजों का उपचार कर वहां दवा भी वितरित की।
वायरल फीवर, डेंगू का प्रकोप जारी है। सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में रोजाना बुखार से पीड़ित मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। जिला अस्पताल में डेंगू की जांच कराने के लिए भी लैब के बाहर मरीजों व उनके तीमारदारों की रोजाना लंबी कतार लगी रहती है। काफी मरीज जिले से बाहर भी अपना उपचार करा रहे हैं।
जिले में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत बुखार से हो चुकी है। वहीं अब तक 272 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। कोतवाली सदर के मोहल्ला नाईं का नगला निवासी भोला के दो साल के मासूम बेटे को कई दिनों से बुखार आ रहा था। उसे उल्टी दस्त की भी शिकायत थी। देर रात बच्चे की हालत ज्यादा खराब हो गई।
सुबह परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शहर के ही मोहल्ला रमनपुर निवासी प्रभुदयाल की 14 साल की बेटी रानी को पांच दिन से बुखार आ रहा था। उसका उपचार भी कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में कोई लाभ नहीं हुआ। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।