संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले सोमवार को विश्वासघात दिवस मनाया गया। सादाबाद तहसील पर सादाबाद और सहपऊ क्षेत्र के किसानों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन के जरिये प्रधानमंत्री द्वारा किए गए वादों को पूरा न किए जाने पर आक्रोश जाहिर किया गया।
तहसील अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनता से कई वादे किए गए थे जिनको अभी तक पूरा नहीं किया गया है। ऐसा करके जनता के साथ विश्वासघात किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वादे के मुताबिक अभी तक ना तो एमएसपी को लागू किया गया है और ना ही बिजली बिलों में संशोधन किया गया है।
शहीद किसान परिवारों को सरकारी नौकरी और मुआवजे की घोषणा भी दिखावा ही साबित हुई है। किसान आंदोलन में शामिल किसानों के ऊपर जो मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उनको भी अभी तक वापस नहीं लिया गया है। लखीमपुर खीरी में वांछित अपराधी की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी भी नहीं की गई है।
मौके पर नितेश यादव, बृज मोहन यादव, मंगलेश यादव, लोकेंद्र कुमार, सब्वन चौधरी, रिंकू यादव, योगेंद्र यादव, जीतू, संजीव, आशु चौधरी, अजीत सिंह, धर्मेंद्र ठेनुआ, राजकुमार, सुनील कुमार ठेंनुआ, रामहेत यादव, जुगेंद्र सिंह, राजेंद्र यादव, रंजीत ठेंनुआ, चंद्रवीर, अशोक कुमार, अमित, नगेंद्र कुमार, नवीन चौधरी मौजूद रहे।