हाथरस : मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण के दौरान जानकारी देते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मतगणना के लिए अब तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन पूरे दिन मतगणना की तैयारी में जुटा रहा। इसे लेकर संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज में कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने उन्हें आयोग के निर्देश से अवगत कराया और बारीकियां भी समझाईं। सोमवार की रात्रि में डीएम ने एमजी पॉलीटेकिभनक परिसर में बने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाएं देखीं।
10 मार्च को होने वाली विधानसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियां जोरों पर हैं। इस क्रम में मंगलवार को संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज में कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया। वहां डीएम रमेश रंजन ने सादाबाद के चुनाव प्रेक्षक की मौजूदगी में निर्देश दिए चुनाव आयोग के निर्देश पर निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना कराई जाए। यह भी बताया गया कि मतगणना सभागार में मोबाइल फोन, अस्त्र-शस्त्र, ज्वलनशील पदार्थ आदि लेकर न जाएं। इससे पहले डीएम ने सोमवार की रात्रि में एमजी पॉलीटेक्निक में स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया और वहां व्यवस्थाएं देखीं। वहीं बुधवार को दूसरा रेंडमाइजेशन (ड्यूटी का निर्धारण) कलेक्ट्रेट में होगा। संवाद
पहले डाकमत पत्रों की होगी गिनती
हाथरस। मतगणना के दौरान सबसे पहले डाक मतपत्र की गिनती होगी और फिर ईवीएम के मतों की गणना होगी। डाकमत पत्रोें की गणना के लिए 14 एआरओ की अलग से नियुक्त करने की अनुमति मांगी गई थी। यह अनुमति चुनाव आयोग ने दे दी है। संवाद
मतगणना एजेंट बनने के लिए लगी रही भीड़
हाथरस। प्रत्याशियों के मतगणना एजेंट भी मतगणना के दौरान मौजूद रहेंगे। इसके लिए तहसील में प्रत्याशियों के मतगणना एजेंटों का तांता लगा रहा। इनसे कोरोना की दोनों खुराक लगने का प्रमाणपत्र भी लिया गया। एजेंट बनने के लिए शाम तक तहसील में भीड़ दिखी। संवाद