हाथरस : सीएमओ कार्यालय पर होता टीकाकरण। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी धीमी हो गई है, फिर भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच के लिए नमूने लेने की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे लोगों पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है, जो यात्रा कर रहे हैं। हर दिन 1800 से अधिक लोगों का नमूना कोरोना की जांच के लिए लिया जा रहा है।
जिले में कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। इसका श्रेय विभाग द्वारा बरती जा रही सावधानी और सजगता को बताया जा रहा है। तीसरे दौर में जिले में अब तक करीब 828 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 808 सही हो चुके हैं। वर्तमान में जिले में कोरोना के सक्रिय मरीज 20 ही रह गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. एएस वशिष्ठ ने बताया कि जिले में 23 सर्विलांस टीमों द्वारा कोरोना की जांच के लिए नमूने लिए जा रहे हैं। हर दिन करीब 1800 से अधिक नमूने लिए जा रहे हैं। अब जिले में कोरोना के मरीज न के बराबर निकल रहे हैं। यह टीमों आगे भी लगातार नमूने लेती रहेंगी। संवाद