न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट परिसर के कायाकल्प को लेकर प्रशासन की ओर से खाका खींच लिया गया है। कलक्ट्रेट परिसर में दो गोलाकार पार्कों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ-साथ शौचालयों का जीर्णोद्धार, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, रंगाई पुताई आदि कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के लिए प्रशासन की ओर से एस्टीमेट बनवा लिए गए हैं। बजट आवंटन के लिए शासन को एस्टीमेट व पत्रावलियां भेज दी गई हैं।
जिला प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेेट परिसर का कायाकल्प कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। कायाकल्प के दौरान किशोन न्यायालय बोर्ड व अपर जिलाधिकारी कार्यालय के बरामदे, गैलरी में रंगाई पुताई को 1.232 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया गया है।
इस क्रम में कलक्ट्रेट डेडो बॉर्डर पर टाइल्स का 9.873 लाख, कोषागार के पीछे पार्क में इंटरलॉकिंग का 9.989 लाख, डीएम चेंबर, न्यायालय परिसर के पीछे बने पार्क में इंटरलॉकिंग, सौंदर्यीकरण का 9.934 लाख, सीसी रिंग रोड का 39.997 लाख, दो गोलाकार पार्क, रैलिंग का 1.996 लाख, शौचालयों का जीर्णोद्धार का 9.999 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया गया है।
इस एस्टीमेट पर जिला प्रशासन ने अपनी मुहर लगा दी है। इस एस्टीमेट के सापेक्ष बजट आवंटन किए जाने के लिए पत्रावलियों को शासन को भेज दिया गया है। बजट आवंटन होते ही कायाकल्प की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।