हाथरस : चुनाव जन संवाद सेल का निरीक्षण करते एसपी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग ने अब ग्रामीणों से सीधे संवाद कायम करने का निर्णय लिया है। इसके जरिये पुलिस ग्रामीणों से सुरक्षा इंतजामों को लेकर उनकी राय और अनुभव जानने की कोशिश करेगी।
इसके लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने जिले में ‘चुनाव जनसंवाद सेल’ का गठन किया है। जनसंवाद सेल में पांच पुलिसकर्मियों को नियुक्त किया गया है। इनके पास जिले के सभी थाना क्षेत्र के गांवों के पूर्व प्रधान, प्रधान प्रत्याशी व ग्राम के अन्य प्रमुख लोगों के मोबाइल नंबर का डेटाबेस रहेगा।
चुनाव जनसंवाद सेल पर नियुक्त पुलिस कर्मी इन नंबरों पर फोन करके लोगों से गांवों के माहौल और सुरक्षा इंतजामों के बारे में पूछताछ की जाएगी। जनसंवाद सेल में लोगों से होने वाली बातचीत का ब्योरा भी एक रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा, जिसकी निगरानी खुद एसपी करेंगे।