न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर प्रभारी के नाम पर ठगों ने एक सभासद को निशाना बनाकर आठ हजार रुपये ठग लिए। इसकी जानकारी कोतवाल को हुई तो वे दंग रह गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
कोतवाली सदर क्षेत्र के वार्ड- 12 के सभासद प्रदीप कुमार को बृहस्पतिवार को एक फोन आया, फोन करने वाले ने कहा कि वह कोतवाली सदर प्रभारी बोल रहे हैं, कोतवाली परिसर में कुछ काम होना है, जिसके लिए रुपयों की आवश्यकता है। सभासद ने अपने एक साथी के माध्यम से आठ हजार रुपये पेटीएम कर दिए। लेकिन जब उसने इसके बारे में जानकारी की तो पता चला कि कोतवाल ने उसे कोई फोन नहीं किया है।
इसकी जानकारी होने पर सभासद परेशान हो गया और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिसे लेकर पुलिस छानबीन में जुट गई। कोतवाली निरीक्षक एसएचओ जगदीशचंद्र ने बताया कि एक सभासद से मेरे नाम पर पेटीएम के माध्यम से किसी ने आठ हजार रुपये ठग लिए। इस मामले की जांच की जा रही है। मेरा सभी से अनुरोध है कि इस प्रकार के फोन कॉल से सावधान रहें। पहले अच्छे से जांच परख कर लें, उसके बाद पैसे का लेनदेन करें।