न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बागला जिला अस्पताल में शनिवार को ईसीजी टेक्नीशियन के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। इससे वहां हंगामा खड़ा हो गया। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस को घटना को लेकर तहरीर दी गई है। इसमें मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
हुआ यूं कि बागला जिला अस्पताल में ईसीजी टेक्नीशियन के रूप में दुग्धेंद्र कुमार सिंह कार्यरत हैं। उससे कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। इससे वहां हंगामा खड़ा हो गया। दुग्धेंद्र कुमार सिंह ने थाना हाथरस गेट में दी तहरीर में कहा है कि वह शुक्रवार को अपनी ड्यूटी पर थे। तभी वहां एक नामजद शुक्रवार को अपने दो साथियों के साथ मेडिकल फिटनेस की रिपोर्ट लगवाने के लिए आया।
इस रिपोर्ट को लगाने की सरकारी फीस 50 रुपये है। इसकी रसीद भी दी जाती है। टेक्नीशियन ने कहा है कि जब उन्होंने फीस के रुपये मांगे तो इन लोगों ने यह कहा कि रुपये किस बात के। बताने के बाद भी इन लोगों ने उसके साथ गाली गलोज करते हुए जातिसूचक गालियां दी और तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इन तीनों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और फिर वहां से जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इस मामले में कोतवाली निरीक्षक हाथरस गेट का कहना है कि इस मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। संवाद