हाथरस : मथुरा रोड स्थित इगलास फाटक पर जाम के चलते लगी बाहनों की लंबी कतार। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के मध्य रेलवे क्रॉसिंग से शनिवार को कई पैसेंजर और मालगाड़ियों का आवागमन हुआ। इस कारण रेलवे फाटकों पर सुबह से शाम तक जाम रहा। इस कारण लोगों को गंतव्य तक की दूरी तय करने में काफी दिक्कतों से जूझना पड़ा। यातायात को सुचारु कराने में पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
उल्लेखनीय है कि मथुरा-कासगंज रेलवे ट्रैक पर मेंटेनेंस का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। आने वाले दिनों में इस ट्रैक से 110 की गति से गाड़ियां दौड़ेंगी। इस ट्रैक के दुरुस्त होने के बाद पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों का दबाव बढ़ गया है।
शनिवार को शहर के मध्य बनी आधा दर्जन रेलवे क्रॉसिंग से कई ट्रेनों का आवागमन हुआ। इस कारण इगलास अड्डा, बिजली कॉटन मिल, सासनी गेट आदि रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद होने से सुबह से शाम तक जाम के हालात रहे। लोग दिन भर जाम से जूझते रहे। संवाद