न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना संक्रमण के बीच अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोग उपचार के लिए बाहर नहीं जा पा रहे हैं। इससे मरीजों के साथ उनके तीमारदार भी बेहद परेशान हैं।
उल्लेखनीय है कि कोराना संक्रमण हालांकि इस जिले में कम हो गया है, लेकिन अन्य पड़ोसी जिलों में हाथरस की तुलना में संक्रमण ज्यादा है। जिले के काफी मरीजों का अन्य गंभीर बीमारियों का इलाज आगरा, अलीगढ़, नोएडा, मथुरा, दिल्ली के अस्पतालों में चल रहा है। मरीज इन-दिनों संक्रमण के डर से चिकित्सकों के यहां नहीं जा पा रहे हैं। फोन पर ही दवा की सलाह ले रहे हैं। मरीजों के साथ उनके परिजन भी बेहद परेशान हैं।
कुछ साल पहले ब्रेन हैमरेज हुआ था। वर्तमान में आगरा की दवा चल रही है। कोरोना संक्रमण के चलते चिकित्सक को नहीं दिखा पा रहे हैं। फोन पर पूछ कर दवाएं मंगानी पड़ रही हैं।
-ऊषा पचौरी, मरीज
मुझे गठिया की दिक्कत है। मेरा अलीगढ़ का उपचार चल रहा है। कोरोना के चलते चिकित्सक देख नहीं रहे हैं। इस कारण दवाएं भी सही तरीके से नहीं चल पा रही हैं। फोन से पूछकर दवाएं मंगानी पड़ रही हैं।
-शारदा कौशिक, मरीज