हाथरस : मुरसान क्षेत्र के गांव बामौली में स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते सीएमओ।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
मुरसान क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करील व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बामौली का सीएमओ हाथरस में शनिवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सक व कई कर्मी गैरहाजिर मिले। सीएमओ ने इनसे स्पष्टीकरण मांगा है। उन्हें केंद्रों पर सफाई व्यवस्था भी सही नहीं मिली।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करील पर जब सीएमओ डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी पहुंचे तो वहां तैनात डॉक्टर महेश होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी, सत्य प्रकाश चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गैरहाजिर मिले। चिकित्सालय में 45 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्तियों को वैक्सीनेशन का काम किया जा था। करील के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एएनएम को सीएमओ ने निर्देशित किया है कि वह केंद्र में प्रसव की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए अपने जरूरी सामानों की कमियों को पूरा कर लें।
बामौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलीं। इसे लेकर सीएमओ ने प्रभारी को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर तैनात चिकित्सक व सुपरवाइजर अनुपस्थित मिले। केंद्र के दरवाजे व खिड़कियों के शीशे टूटे हुए मिले। जगह-जगह कबाड़ रखा हुआ मिला। बामौली के केंद्र पर चिकित्सालय में स्टाफ के रहने के लिए आवास बने हुऐ हैं, लेकिन चिकित्सक उन आवासों में नहीं रह रहे थे। जिसे लेकर सीएमओ ने नाराजगी जाहिर की है।