डीएम, एसपी ने सिकंदराराऊ में समझाए लोग
जुमे की नमाज से पहले शांति समिति की बैठक में शांति का लिया वादा
पिछली बार जुमे की नमाज के बाद नगर में हुए बवाल के बाद सतर्कता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
सिकंदराराऊ (हाथरस)। पिछले शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर हुए बवाल के बाद पुलिस-प्रशासन इस बार की जुमे की नमाज को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहा है। पुलिस प्रशासन को आशंका है कि कहीं इस बार भी जुमे की नमाज के बाद कोई जुलूस शुरू नहीं हो जाए और फिर हालात संभालना मुश्किल पड़ जाए। इस बार हालात संभालने की कमान डीएम, एसपी ने संभाल ली है। दोनों अधिकारियों ने गुरुवार को कोतवाली में शांति समिति की बैठक में लोगों को सीएए और एनपीआर के बारे में समझाया। लोगों को इस बारे में पर्चे भी वितरित किए गए। लोगों ने आश्वस्त किया कि अब आगे कुछ भी गलत नहीं होगा।
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, एसपी एसएस मीणा ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी बात पर विश्वास नहीं करें। सीएए के विषय में सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार किया गया है, जिससे देश में कुछ समय के लिए अशांति पैदा हुई है। जब लोगों को सच्चाई पता चली तो हालात खुद सामान्य हो गए। जिला सूचना कार्यालय के माध्यम से वितरित किए गए पर्चे में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि सीएए नागरिकता देने के लिए है, नागरिकता लेने के लिए नहीं है। भारत के अल्पसंख्यक को इससे कोई हानि नहीं है।
यह देश के किसी भी नागरिक चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान, उसे प्रभावित नहीं करेगा। इसके तहत अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से आये अल्पसंख्यक शरणार्थियों को नागरिकता दी जाएगी। यह कानून उन लोगों के लिए है, जिन्होंने वर्षों से देश से बाहर उत्पीड़न सहन किया है। एसपी ने कहा कि पिछली बार जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के बाद दर्ज हुए मुकदमे में केवल उन लोगों को ही पूरी जांच-पड़ताल के बाद कानूूनी कार्रवाई की जद में लाया जाएगा, जिनकी फोटो पत्थर फेंकते हुए सामने आई हैं, इसलिए इससे डरने की आवश्यकता नहीं है।
बैठक में पूर्व चेयरमैन पति इकराम कुरैशी ने कहा कि जो हुआ वह नासमझी और भ्रामक अफवाह के कारण हुआ। लोग अब सब समझ गए हैं। कुरैशी ने पुलिस प्रशासन को आश्वस्त किया कि अब नगर में कुछ नहीं होगा। बैठक में काफी पुरदिलनगर के लोग भी थे। उन्होंने आश्वस्त किया कि आप चाहे तो पुरदिलनगर से फोर्स हटा लें। बैठक में एसडीएम विजय शर्मा, सीओ डॉ. राजीव कुमार, कोतवाल डीके सिसौदिया के अलावा व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय, दाऊदयाल वार्ष्णेय, इकबाल मेंबर साहब, जहीरुद्दीन पीरजादा, राजा कुरैशी, नवाब विलरामी, उपेंद्र वार्ष्णेय, नीरज वैश्य नगर भाजपा अध्यक्ष, कृष्ण यादव, बंटी आर्य सुरेश आर्य, मुकेश जाखेटिया, आमोद शर्मा, नरेंद्र दीक्षित, मीरा माहेश्वरी, शशि वार्ष्णेय, हाजी गुलाम अहमद, नवाब सिद्दीकी, विपिन लाल, सुरेश आर्य, महेश पुंढीर एडवोकेट, शादाब चौधरी, इश्त्याक पहलवान, अफजल कुरैशी, मुजम्मिल कुरैशी, रितिक गुप्ता आदि थे।
कड़ी निगरानी में होगी नमाज फौर्स रहेगी तैनात।
गत जुमा के बाद पुलिस प्रशासन किसी पर एतबार करने के मूड में नहीं हैं। पिछले जुमे को जब जिले में धारा 144 लगी होने के कारण जुलूस निकालने कीअनुमति नहीं दी गयी थी तब तय हो गया था कि पुलिस प्रशासनिक अधिकारी जामा मसजिद पर जाकर विरोध का ज्ञापन लेंगे। लेकिन इसके बाद भी जुलूस निकाल कर काननू तोड़ा गया पत्थरबाजी की गई। वो तो पुलिस प्रशासन की सख्ती के चलते मामला दब गया। अब विश्वास तभी होगा जब कि जुमे पर कुछ करने की चेष्टा नहीं की जायेगी। सुरक्षा की दृष्टि से नगर को फोर्स से पाट दिया जायेगा।
पुरदिलनगर के लोग मिले एसपी से।
पुरदिलनगर के मुरली मनोहर मंदिर से एक माह पूर्व पांच राधा कृष्ण की पांच अष्टधातु की प्रतिमा चोरी हुई थी। प्रतिमा बरामद न होने के चलते एसपी ने लोगों से आग्रह किया अब तो प्रतिमायें मिल जानी चाहिये। भक्तों की भावना को ठेस पहुंच रही है। एसपी ने कहा कि पुलिस पूरी जान से लगी हुई है ये हमारे लिये भी तो चेलेंज है।