जुमे की नमाज के चलते आज पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क, सिकंदराराऊ पर पैनी नजर
थाना स्तर पर हुई शांति समिति की बैठकें
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते स्थानीय पुलिस प्रशासन खासा सतर्क है। अधिकारियों का पूरा फोकस सिकंदराराऊ पर है। साथ ही शहर व अन्य कस्बों में भी पुलिस फोर्स की तैनाती सुनि श्चित की गई है। इसे लेकर अधिकारियों ने लोगों के साथ थाना स्तर पर शांति समितियों की बैठक भी की।
खुफिया तंत्र भी बेहद सक्रिय है। उल्लेखनीय है कि सीएए के विरोध में जुमे की नमाज के दिन पिछले शुक्रवार को सिकंदराराऊ में जमकर पथराव, मारपीट व फायरिंग हुई थी। ऐसे में शुक्रवार यानि आज फिर जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन खासी एतिहात बरत रहा है।
सबसे ज्यादा पैनी नजर सिकंदराराऊ पर रखी जा रही है। साथ ही शहर व आसपास के मिश्रित आबादी वाले इलाकों, मस्जिदों के बाहर भी पुलिस फोर्स की तैनाती सुनिश्चत की गई है। इसे लेकर अधिकारियों ने थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक भी की। एडीएम और एएसपी ने कोतवाली सदर में लोगों के साथ बैठक की और बैठक में लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
वितरित कराए जाएंगे सीएए से संबंधित पंपलेट
हाथरस। शांति समिति की बैठक में यह भी तय किया गया कि नमाज के दौरान सीएए से संबंधित पंपलेट भी वितरित कराए जाएंगे। यह पंपलेट मुस्लिम समाज के कुछ लोग ही वितरित कराएंगे, जिससे कि इस कानून को लेकर व्याप्त भ्रम की स्थिति दूर हो सके। यह पंपलेट शासन स्तर से स्थानीय प्रशासन को उपलब्ध कराए गए हैं।