न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने की। समीक्षा में योजना की प्रगति खराब पाई गई। समीक्षा में पाया कि योजनांतर्गत पात्र व्यक्तियों को स्वीकृत 7455 के सापेक्ष में प्रथम भुगतान मात्र 5944 लोगों को किया गया है। द्वितीय भुगतान 3756 लोगों को किया गया है।
अंतिम किश्त का भुगतान मात्र 1384 व्यक्तियों को ही किया गया है। अभी तक पूर्ण आवास मात्र 1628 बनाये गये हैं एवं 3200 आवास की छत पड़ चुकी है। प्रथम जीओ टैगिंग 7117 आवासों की की जा चुकी है, तब भी प्रथम किश्त का भुगतान 5944 लोगों को ही किया गया है।
इसी प्रकार पिछले वित्तीय वर्ष 2019-20 में कुल लक्ष्य 6197 के सापेक्ष द्वितीय किश्त का भुगतान मात्र 3505 व्यक्तियों को किया गया है तथा तृतीय किश्त का भुगतान मात्र 1384 लोगों को किया गया है। इस प्रकार योजना में प्रगति असंतोषजनक पाई गई एवं परियोजना अधिकारी डूडा की लापरवाही सामने आई है। डीएम ने इस मामले में पीओ डूडा को कारण बताओ नोटिस दिया है।