दवा काउंटर निरीक्षण के दौरान स्टॉक पंजिका से दवाओं का मिलान कराया। स्टॉक पंजिका अपूर्ण पाए जाने पर डीएम ने फार्मासिस्ट को दो दिन के अंदर स्टॉक पंजिका को पूर्ण करने और सीएमएस को रिपोर्ट देने को कहा। पोषण पुनर्वास केंद्र के निरीक्षण के दौरान चिकित्सक डॉ. संध्या एवं आहार विशेषज्ञ पारूल जौहरी उपस्थित मिली। उन्होंने बताया कि पोषण पुनर्वास केंद्र में पांच-पांच बेड के दो कक्ष संचालित हैं। एक कक्ष प्ले रूम है। वर्तमान में पांच बच्चे भर्ती हैं। भर्ती बच्चों के माता-पता से डीएम ने बात की।
डीएम ने आरबीएसके टीम, आंगनबाड़ी केंद्र, पीएचसी और सीएचसी सेंटरों से अधिक से अधिक कुपोषित या जरूरतमंद बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने के निर्देश दिए। डेंगू वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की। चिकित्सकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने महिला अस्पताल में ओपीडी कक्ष, लेबर रूम, प्रसव कक्ष, एसएनसीयू वार्ड का जायजा लिया।
डीएम ने अस्पताल के बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण के निर्देश दिए। आपातकालीन वार्ड के बाहर जलनिकासी के प्रबंध करने और नालियों की साफ-सफाई कराने के साथ ही एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. मनजीत सिंह, सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश उपस्थित रहे।