हाथरस: आर्थिक गणना में आ रही दिक्कतों से एसडीएम को अवगत कराते प्रदीप सिंह।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
नगर में मोबाइल फोन से चल रहीं सातवीं आर्थिक गणना के काम में प्रगणकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गणना के दौरान लोग प्रगणकों को जानकारी नहीं दे रहे। जानकारी मांगने पर लोग मारने पीटने की धमकी दे रहे हैं। सीएससी के जिला प्रबंधक ने एसडीएम को पत्र देकर इन परेशानियों से अवगत कराया है।
बता दें कि कस्बे में सातवीं आर्थिक गणना का काम चल रहा है। यह काम मोबाइल फोन के जरिये पेपरलैस पद्धति से किया जा रहा है। इस काम के लिए भारत सरकार ने कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) को नामित किया है। प्रगणक जब मोहल्लों में जाकर आर्थिक जानकारी जुटाने पहुंच रहे हैं तो लोग उन्हें सही जानकारी नहीं दे रहे। मोहल्लों और वार्डों में लोग उनसे बात तक करना पसंद नहीं कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त सभासद भी सहयोग नहीं कर रहे हैं। गणनाकारों को मारने पीटने की धमकियां दी जा रही हैं। इसके चलते अधिकतर मोहल्लों में गणना का कार्य नहीं हो पा रहा है। एसडीएम से अनुरोध किया गया है कि वे इस काम में प्रगणकों का सहयोग करायें, ताकि समय से कार्य पूरा हो सके। एसडीएम विजय शर्मा ने ईओ डॉ. बृजेश कुमार को पूरे सहयोग के लिये निर्देशित किया है।