न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अमरोहा से हाथरस में तैनात किए गए अवर अभियंता विनियमित क्षेत्र प्रवेश कुमार द्वारा अभी तक जिले में चार्ज नहीं लेने पर उनके खिलाफ डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने शासन से कार्रवाई की संस्तुति कर दी है। डीएम ने शासन से जिले में नए जेई की तैनाती की भी सिफारिश की है। पिछले दिनों एसडीएम सदर ने डीएम को पत्र लिखकर बताया था कि विनियमित क्षेत्र के सभी काम रुके पड़े हैं। उन्होंने डीएम से अभी तक चार्ज नहीं लेने वाले जेई के खिलाफ कार्रवाई करने और लोनिवि से किसी जेई को संबद्ध किए जाने की सिफारिश की थी, ताकि रुके हुए काम चालू हो सकें।
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देश पर जिले में तैनात जेई विनियमित क्षेत्र श्याम बाबू का 23 जनवरी को अमरोहा के लिए तबादला किया गया था। आदेश आने के बाद तत्कालीन एसडीएम नीतीश कुमार सिंह ने जेई को 31 जनवरी को कार्यमुक्त कर दिया था। शासन ने उनकी जगह पर अमरोहा से प्रवेश कुमार का तबादला हाथरस के लिए किया था। प्रवेश कुमार ने जिले में कार्यभार ग्रहण करने के लिए एक फरवरी को अमरोहा में चार्ज छोड़ दिया। चार्ज संभालने के लिए एसडीएम सदर रामजी मिश्र द्वारा कई बार फोन से संपर्क किया गया और चार्ज संभालने के निर्देश दिए गए, लेकिन जेई ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
वर्तमान में जेई के नहीं होने सेा विनियमित क्षेत्र में हो रहे अवैध कब्जों, नक्शा स्वीकृति आदि कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हुए हैं। आवेदक अपने काम के लिए तहसील के चक्कर काट रहे हैं। इस प्रकरण में गंभीरता बरतते हुए एसडीएम सदर ने डीएम से जेई प्रवेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की थी। अब इस मामले में डीएम ने शासन को एक पत्र लिखा है। डीएम ने अवर अभियंता प्रवेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की है। सक्षम जेई की विनियमित क्षेत्र हाथरस में तैनाती किए जाने का भी अनुरोध किया है।