न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन स्तर से पंचायत चुनाव की ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमण से हुई कार्मिकों की मौत का ब्योरा एकत्रित किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी आरबी भास्कर ने सभी विभागाध्यक्षों को कार्मिकों की मौत का रिकॉर्ड निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, जिससे शासन को अनुग्रह राशि देने के लिए उनका ब्योरा भेजा जा सके।
दरअसल, शासन ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि कोरोना से हुई कार्मिकों की मौत का पूरा ब्योरा निर्धारित प्रारूप में विभागवार भेजा जाए। इस क्रम में सीडीओ आरबी भास्कर ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि शासन स्तर से निर्धारित प्रारूप में सभी विभागध्यक्ष चुनाव ड्यूटी के दौरान हुई कार्मिकों की हुई मौत की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। इस प्रारूप के साथ एंटीजन रिपोर्ट भी उपलब्ध कराएं। पांच जून तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद