न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के प्रवासी श्रमिकों के खातों की डिटेल को सही करने का कार्य जिला प्रशासन द्वारा कराया जा रहा है। बैंक खातों की गलत डिटेल के कारण जिले के करीब 330 से अधिक प्रवासी श्रमिकों के खाते में आर्थिक मदद नहीं पहुंच पाई थी। इस रिपोर्ट के आने के बाद जिला प्रशासन ने नगर निकाय व ब्लॉक को रिजेक्ट डाटा उपलब्ध कराया है। संशोधित डाटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में प्रवासी मजदूरों को आर्थिक मदद मुहैया कराने के लिए शासन निर्देश जारी किए थे। इसके क्रम में जिला प्रशासन ने 1811 श्रमिकों के खाते में आर्थिक मदद भेजी गई थी। अब शासन द्वारा जिन श्रमिकों के खाते की डिटेल गलत होने के कारण धनराशि नहीं पहुंच पाई है, उन खातों को सही कर धनराशि भेजे जाने के निर्देश जारी किए हैं। इस क्रम में रिजेक्ट डाटा को छंटनी किया गया। इस रिजेक्ट डाटा को नगर निकाय व ब्लॉक पर संशोधन के लिए भेजा गया है ।
संशोेधित डाटा को मंगाए जाने का कार्य किया जा रहा है। संशोधित डाटा के आधार पर फिर से इन खातों में धनराशि भेजी जाएगी। जिले के करीब 330 से अधिक प्रवासी श्रमिकों के खाते का डाटा गलत था। इस कारण इनके खातों में धनराशि नहीं पहुंच पाई थी। अब इन खातों के डाटा को संशोधित कर धनराशि भेजने की कार्रवाई की जा रही है।