न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आरएम के आदेश के बाद भी रोडवेज बस स्टैंड के प्रवेश व निकास द्वार पर अब तक स्पीड ब्रेकर बनवाने की अधिकारियों से सुध नहीं ली है। इससे रोडवेज बस स्टैंड पर आए दिन हादसे हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो का रोडवेज बस स्टैंड बीते सालों में बना है। बस स्टैंड में तमाम सुविधाएं भी है। साथ ही करोड़ों रुपये की लागत से सीमेंट फर्श व भवन का निर्माण किया गया है। अन्य डिपो की बसें भी अब शहर के अंदर से गुजर रही है। इसके बाद भी डिपो के अधिकारी अप्रिय घटनाओं पर विराम नहीं लगा पा रहे हैं।
आरएम ने दिए थे स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश
शराब की दुकान में रोडवेज बस घुसने के बाद निगम के आरएम मोहम्मद परवेज ने बस स्टैंड के प्रवेश व निकास द्वार पर स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी स्पीड ब्रेकर का निर्माण नहीं हुआ है। इस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। संवाद