न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
विकास खंड मुरसान के गांव नगला सिंगी में कथित रूप से शराब पीने से छह लोगों की मौत और आठ लोगों की स्थिति गंभीर होने के बाद परिजनों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गई है। पीड़ित परिवार के लोगों ने भरण-पोषण के लिए डीएम से आर्थिक सहायता की मांग की है।
आदिल कुमार, सेठा, सुखबीर, जीतू, देवेश, गुड्डू, सोमेश, राकेश, केशवगिरी, रूपकिशोर, अनिल, धर्मेंद्र, सत्यवीर, रजुआ आदि आदि लोग शुक्रवार की सुबह डीएम से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंच गए। लोगों ने बताया कि डीएम के आवास पहुंचने पर उन्होंने अपना मांग पत्र ओसी कलेक्ट्रेट को दिया है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के दो लोगों पर आरोप लगाते हुए बताया कि उन लोगों द्वारा जहरीली शराब देकर उनके परिवार के छह लोगों को मार दिया है।
अभी करीब 10 लोग जीवन और मौत के बीच अस्पताल में भर्ती हैं। यह सभी लोग भूमिहीन है। यह लोग रोजाना मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। मृतक के परिवार के लोगों का इस समय बुरा हाल है। यह लोग बिना मजदूरी किए परिवार का भरण पोषण नहीं कर पा रहे हैं। मृतक परिवारों में छोटे-छोटे बच्चे हैं। वह भी भूख से परेशान हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि मृतक व बीमार लोगों के परिवार को कहीं से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल पा रही है। लोगों का आरोप है कि जहरीली शराब पिलाने वाले लोग अभी भी उन्हें धमकी दे रहे हैं।