न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में आमजन से लेकर सरकारी अधिकारी तक परेशान हैं। अब जिले के कस्बा हाथरस जंक्शन में संक्रमण के चलते पासपोर्ट सेवा केंद्र को 14 मई तक के लिए बंद कर दिया गया है। 14 मई के बाद फिर से यहां पासपोर्ट बनने की शुरुआत हो सकती है। यहां कई जिलों के लोग पासपोर्ट बनवाने के लिए आते हैं।
उल्लेखनीय है कि हाथरस सहित पड़ोसी जिलों के लोगों को पासपोर्ट के लिए आवेदन करने के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए गाजियाबाद जाना पड़ता था। वर्ष 2019 जनवरी में यहां पासपोर्ट कार्यालय की शुरुआत हुई। बीते साल लॉकडाउन के चलते मार्च से अक्तूबर तक पासपोर्ट केंद्र बंद रहा।
अक्तूबर से अब तक करीब दो हजार लोगों ने यहां पासपोर्ट बनवाए हैं। आगरा, मैनपुरी, मेरठ, बदायूं और मथुरा आदि जिलों के लोग यहां पासपोर्ट की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आते हैं। अब कोरोना संक्रमण के चलते जिले का पासपोर्ट सेवा केंद्र 14 मई तक बंद कर दिया गया है। इस मामले में पासपोर्ट अधिकारी जयकेश यादव का कहना है कि पासपोर्ट सेवा केंद्र को 14 मई तक कोरोना संक्रमण के चलते बंद कर दिया गया है।