हाथरस : सादाबाद के गांव पुसैनी में सामुदायिक शौचालय की चाभी सौंपते नोडल अधिकारी।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
जिले के नोडल अधिकारी और राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ के सदस्य रजनीश गुप्ता ने बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी प्रभारी से गोल्डन कार्ड योजना, कोविड 19 के मरीजों के संबंध में पूछताछ की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सीएचसी प्रभारी डॉ. दानवीर सिंह ने बताया कि संक्रमित मरीजों को एंबुलेंस से लाया जाता है। इसके पश्चात उनकी जांच के लिए सैंपल लिया जाता है। इस दौरान यदि संक्रमित व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंकदराराऊ एल-1 में भर्ती कराया जाता है। सीएचसी में अधिकतर डाक्टर एवं स्टाफ अस्पताल में आवासीय भवनों में ही निवास करते है। उन्होंने बताया कि अधिकतर भवनों की स्थिति जर्जर है, जिनकी मरम्मत कराया जाना आवश्यक है। नोडल अधिकारी ने जर्जर आवासीय भवनों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने एमओआईसी को निर्देश दिए कि सीएचसी पर आने वाले मरीजों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाए। नोडल अधिकारी ने सीएचसी प्रभारी से स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलायी जा रही आयुष्मान गोल्डन कार्ड योजना को लेकर निर्देशित किया कि जिन लोगों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बन गये हैं उसके अनुसार इलाज करना सुनिश्चित करें। यदि सीएचसी में व्यवस्था नहीं है तो कही अन्य दूसरे स्थान के लिए रेफर करने की व्यवस्था की जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, मुख्य विकास अधिकारी आरबी भास्कर, उप जिलाधिकारी सादाबाद राजेश कुमार, सीओ सादाबाद ब्रहम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह व अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।