हाथरस : सादाबाद के गांव पुसैनी में भ्रमण के दौरान ग्राम प्रधान से जानकारी लेते नोडल अधिकारी।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
जिले के नोडल अधिकारी और राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ के सदस्य रजनीश गुप्ता ने बृहस्पतिवार को विकास खंड सादाबाद की ग्राम पंचायत पुसैनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में वह गांव की सफाई व्यवस्था से काफी खुश दिखाई दिए। इसके लिए उन्होंने ग्राम प्रधान को भी शाबासी दी। उन्होंने ग्राम पंचायत में पंचायत भवन निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का भी मुआयना किया। मौके पर पंचायत भवन निर्माण के लिए नींव की खुदाई का कार्य मनरेगा द्वारा होता हुआ मिला।
उन्होंने पंचायत भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के तहत पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान हाकिम सिंह से ग्राम पंचायत में की जाने वाली आलू, बाजरा आदि फसलों के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की। नोडल अधिकारी ने ग्राम प्रधान से आलू की फसल को लेकर कई सवाल किए। आलू की बुवाई से लेकर उसकी खुदाई और उसकी बिक्री आदि के संबंध में सवाल जवाब किए। नोडल अधिकारी ने ग्राम पंचायत में बने सामुदायिक शौचालय एवं स्नानागार का भी फीता काटकर उद्घाटन किया। इस सामुदायिक शौचालय एवं स्नानागार की देखरेख के लिए एनआरएलएम द्वारा गठित महिला समूह को चाभी सौंपते हुए देखरेख करने के निर्देश दिए।
ग्राम वासियों ने गांव के बीच से होकर जा रहे बिजली के जर्जर व नंगे तारों की शिकायत की। नोडल अधिकारी ने एक्सईएन विद्युत को विद्युत तारों के स्थान पर केबल वाली लाइन डलवाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने नोडल अधिकारी को गांव से होकर गुजरने वाले रजवाहे में 20 साल से पानी नहीं आने की शिकायत की। इसके समाधान के लिए भी उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया। ग्रामीणों ने गांव पुसैनी से अन्य पांच गांवों को जाने वाले मार्ग पर जलभराव होने के कारण अन्य गांवों के लिए आवागमन अवरुद्ध होने की शिकायत की। नोडल अधिकारी ने बीडीओ सादाबाद को समस्या को दूर कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, सीडीओ आरबी भास्कर, एसडीएम सादाबाद राजेश कुमार, सीओ सादाबाद, जिला पंचायतराज अधिकारी बनवारी सिंह, डीपीआरओ, बीडीओ, विद्युत और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।